जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
एमसीबी। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के कोटाडोल तहसील अंतर्गत ग्राम भूमका में पिछले एक माह से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल से गांव का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा हुआ है, लेकिन भीषण गर्मी के बावजूद अब तक उसे बदला नहीं गया। ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं और जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
गुलाब कमरो ने कहा कि एक ओर सरकार पूरे प्रदेश में “सुशासन तिहार” मनाकर सुशासन के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर गांवों में लोगों को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनता की छोटी-छोटी समस्याओं का भी समय पर समाधान नहीं हो पा रहा, तो फिर सुशासन के दावे किस आधार पर किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बिजली बंद रहने से गांव के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व विधायक ने शासन और बिजली विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाकर गांव में विद्युत व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
