चिरमिरी दौरे से बढ़ीं उम्मीदें, गुलाब कमरो बोले — अब नए संभाग पर फैसला ले सरकार

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 


एमसीबी/चिरमिरी।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के चिरमिरी दौरे और तीन जिलों की संयुक्त समीक्षा बैठक के बीच क्षेत्र में नए संभाग की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। पूर्व विधायक Gulab Kamro ने प्रदेश सरकार से एमसीबी सहित आसपास के जिलों को मिलाकर नए संभाग की घोषणा करने की मांग उठाई है।

गुलाब कमरो ने कहा कि एमसीबी, कोरिया और सूरजपुर जैसे जिले लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा का सामना कर रहे हैं। संभागीय मुख्यालय दूर होने के कारण आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है। यदि नया संभाग बनाया जाता है तो प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और जनता को इस बार बड़ी घोषणा की उम्मीद है। कमरो ने याद दिलाया कि पिछली बार मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भी लोगों को विकास से जुड़ी बड़ी घोषणाओं की उम्मीद थी, लेकिन क्षेत्र को कोई विशेष सौगात नहीं मिल सकी।

पूर्व विधायक ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए और योजनाओं पर जमीन स्तर पर काम भी दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि अब वर्तमान सरकार को भी एमसीबी और आसपास के जिलों की वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेना चाहिए।

गुलाब कमरो ने कहा कि चिरमिरी और आसपास का इलाका प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है, लेकिन रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं के मामले में अब भी पीछे है। नया संभाग बनने से क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और जनता को सीधे तौर पर लाभ पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री के दौरे और नए संभाग की मांग के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सरकार चिरमिरी की धरती से कोई बड़ी प्रशासनिक घोषणा कर क्षेत्रवासियों को नई सौगात देगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post