जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
कांग्रेस प्रवक्ता ने उठाए सरकार के दावों पर सवाल, कहा— सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही जनता
मनेन्द्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार को पूरी तरह दिखावटी आयोजन बताते हुए इसे शासकीय धन की बर्बादी करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।
प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने बयान जारी करते हुए कहा कि सुशासन तिहार जैसे आयोजनों में लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को इसका कोई लाभ दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा कार्यक्रम केवल सरकारी उपलब्धियों का प्रचार करने और जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने का माध्यम बन गया है।
उन्होंने कहा कि मनेन्द्रगढ़ शहर सहित जिले के कई क्षेत्रों में आज भी सड़कें जर्जर स्थिति में हैं, नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही, पेयजल संकट बना हुआ है तथा बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रहती है। इसके बावजूद सरकार सुशासन का उत्सव मनाकर अपनी पीठ थपथपा रही है।
स्वप्निल सिन्हा ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सुशासन तिहार के नाम पर अनावश्यक कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं में व्यस्त रखा जा रहा है, जिससे सामान्य शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं और प्रचार नहीं, बल्कि धरातल पर विकास कार्य देखना चाहती है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि शासकीय धन का उपयोग जनहित के वास्तविक कार्यों में किया जाए, न कि केवल आयोजनों और प्रचार-प्रसार में। साथ ही कांग्रेस पार्टी आगे भी आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी और प्रशासन से पारदर्शिता के साथ कार्य करने की अपील करती रहेगी।
