रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांगिड़ चंपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा, थाना नवागढ़ पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म एवं धमकी देने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश कर रही थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु खूंटे उर्फ ईमानुयेन खूंटे (20 वर्ष) निवासी ग्राम पथर्रा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। मामले में शामिल सहयोगी आरोपी को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
मामला क्या है
पुलिस के अनुसार, आरोपी हिमांशु खूंटे ने पीड़िता के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद 19 मई 2026 की रात वह अपने साथी आनंद चौहान के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाने लगा। पीड़िता द्वारा मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और वहां से फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2), 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस की कार्रवाई
नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर अपराध को देखते हुए थाना नवागढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पहले सहयोगी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं घटना के बाद से फरार मुख्य आरोपी हिमांशु खूंटे की लगातार तलाश की जा रही थी।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पांडे (थाना प्रभारी, नवागढ़), सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन तथा थाना नवागढ़ के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
