जनता की चौखट तक पहुंचा प्रशासन: कलेक्टर जांगड़े ने सुनीं 46 समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश जनदर्शन में उमड़ा भरोसे का सैलाब, हर फरियादी की बात को गंभीरता से सुना; अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के सख्त निर्देश

 




जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 




एमसीबी, मनेंद्रगढ़। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मंगलवार को उस समय जनआस्था और प्रशासनिक संवेदनशीलता का केंद्र बन गया, जब बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्याएं लेकर जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने एक-एक आवेदक की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन में कुल 46 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, मजदूरी भुगतान, पेंशन, आधार कार्ड त्रुटि सुधार, सीमांकन, वन अधिकार पट्टा, आंगनबाड़ी नियुक्ति, लंबित भुगतान तथा पेयजल सुविधा जैसी महत्वपूर्ण जनसमस्याएं शामिल रहीं। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी नागरिक की समस्या को हल्के में नहीं लिया जाएगा और प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम चुटकी के ग्रामीणों ने लंबित मजदूरी भुगतान का मुद्दा उठाया तो पाराडोल निवासी ईश्वर प्रसाद ने भूमि प्रकरण में न्याय की गुहार लगाई। चिरमिरी की शालिनी कश्यप ने जर्जर भवन हटाने की मांग रखी, वहीं बड़गांवखुर्द की धनराजिया ने आधार कार्ड में मृत घोषित किए जाने की त्रुटि सुधारने का आवेदन दिया।

इसके अलावा चैनपुर की विमला टोप्पो ने सीमांकन आदेश के पालन, मनेंद्रगढ़ के गोपाल गुप्ता ने भूमि विवाद, ओदारी की देवती साहू ने दहेज प्रताड़ना एवं मारपीट, जबकि जसबीर शर्मा ने नल कनेक्शन नामांतरण की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने राजस्व, पेंशन, वनाधिकार, भुगतान और नियुक्ति संबंधी समस्याओं को भी जनदर्शन में प्रस्तुत किया।

कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कहा कि जनदर्शन केवल शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर उसका संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक न्याय और योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह है और हर समस्या के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोंगरे, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जनदर्शन से लौटे लोगों के चेहरों पर संतोष साफ दिखाई दिया। सीधे कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश मिलने से लोगों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हुआ। जनदर्शन ने एक बार फिर साबित किया कि संवेदनशील नेतृत्व और प्रभावी संवाद से जनसमस्याओं के समाधान का रास्ता और अधिक आसान बनता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post