जिला ब्यूरो बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़। संगठन सशक्तिकरण के संकल्प के साथ कांग्रेस ने झगराखांड क्षेत्र में जोरदार राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई है। नए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित बैठकों और सदस्यता अभियानों ने क्षेत्रीय राजनीति में नई ऊर्जा का संचार किया है। झगराखांड सहित बंजी, बुंदेली, पाराडोल, छिपछिपी, भौता, नारायणपुर और तेंदुडांड जैसे पंचायतों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर द्वारा आयोजित इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय, संगठित और प्रभावी बनाना रहा। कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान, जनसमस्याओं के समाधान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे और उनकी आवाज़ को मजबूती से उठाए।
झगराखांड में आयोजित सभा विशेष रूप से ऐतिहासिक रही, जहाँ सैकड़ों युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की विचारधारा में अपनी आस्था व्यक्त की। इसे संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, विशेषकर उस राजनीतिक परिस्थिति में जब पूर्व में कांग्रेस के तीन नगर पंचायत अध्यक्ष — ओम प्रकाश विश्वकर्मा, रजनीश पांडेय एवं रीमा रमेश यादव — भाजपा में शामिल हो गए थे। ऐसे माहौल में युवाओं का कांग्रेस से जुड़ना संगठन की बढ़ती ताकत और जनविश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
बैठक के दौरान अजीत सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों, सामाजिक समरसता और क्षेत्रीय विकास की प्रतिबद्धता से प्रेरित होकर वे पार्टी से जुड़े हैं और आगे भी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर संवाद स्थापित करें, जनता की अपेक्षाओं को समझें और कांग्रेस की नीतियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाएँ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एकजुट प्रयासों से संगठन आने वाले समय में और अधिक मजबूत होगा।
झगराखांड मंडलम अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि कांग्रेस की विचारधारा आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। मजबूत जमीनी रणनीति और सक्रिय कार्यकर्ताओं के बल पर संगठन निरंतर विस्तार की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर सौरव मिश्रा, दीपक श्रीवास्तव, छोटे लाल वर्मा, राधे मिश्रा, ज्ञानेंद्र सिंह, योगेन्द्र खैरवार, राम गोपाल यादव, राकेश यादव, कोमल कांत, खोनेश्वर प्रसाद, मो. रहमतुल्ला, संजय यादव, अरुणिमा सिंह, बबीता यादव, मो. सुलेमान, राज यादव, विनोद जांगड़े, राम राशिले, जगदीश प्रसाद, भावेश जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इन बैठकों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि नए नेतृत्व में कांग्रेस संगठन तेजी से सशक्त हो रहा है और झगराखांड सहित पूरे क्षेत्र में जनसमर्थन का आधार लगातार विस्तृत हो रहा है। संगठन विस्तार का यह अभियान आगामी समय में क्षेत्रीय राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

