कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने संभाली साइकिल की कमान मनेन्द्रगढ़ से दिया फिट इंडिया और हरित भविष्य का संदेश

 जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



विश्व साइकिल दिवस पर सुरभि पार्क में उमड़ा जनसैलाब, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक ने दिखाई फिटनेस के प्रति जागरूकता

मनेन्द्रगढ़,  विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार की सुबह मनेन्द्रगढ़ का सुरभि पार्क उत्साह, ऊर्जा और स्वास्थ्य चेतना से सराबोर नजर आया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साइक्लिंग एवं जुम्बा कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने स्वयं साइकिल चलाकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रेरक संदेश दिया।

कलेक्टर के नेतृत्व में निकली साइकिल रैली ने फिट इंडिया अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने हिस्सा लेकर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान एसडीएम लिंगराज सिदार, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, 18वीं बटालियन सीएएफ के कमांडेंट संजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

सुरभि पार्क में आयोजित जुम्बा सत्र कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। संगीत की लय पर प्रतिभागियों ने जमकर व्यायाम किया और फिटनेस के प्रति उत्साह दिखाया। पूरे परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सुश्री जांगड़े ने कहा कि साइक्लिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक प्रभावी कदम है। उन्होंने युवाओं से नियमित व्यायाम और साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं वरिष्ठ साइक्लिस्ट सतीश द्विवेदी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। लगभग 25 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्राएं कर चुके सतीश द्विवेदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन के लिए साइक्लिंग को सर्वश्रेष्ठ माध्यम बताया।

खेल विभाग द्वारा कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, कमांडेंट संजय शर्मा, एसडीएम लिंगराज सिदार एवं सतीश द्विवेदी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल फिटनेस का संदेश दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी की भावना को भी मजबूती प्रदान की। मनेन्द्रगढ़ में आयोजित यह आयोजन लोगों के लिए प्रेरणा और जागरूकता का यादगार अवसर बन गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post