जिला ब्यूरो चीफ बबलूजयसवाल
मनेंद्रगढ़ में इंटीग्रेटेड योग शिविर बना जनआंदोलन, सैकड़ों लोगों ने अपनाया योगमय जीवन का संकल्प
मनेंद्रगढ़, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व मनेंद्रगढ़ में सात दिनों तक चला इंटीग्रेटेड योग शिविर शनिवार को उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुआ। सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित इस योग महाअभियान के समापन अवसर पर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नागरिकों को नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में कलेक्टर सुश्री जांगड़े ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित, सकारात्मक और ऊर्जावान बनाने की वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा समाज को स्वस्थ दिशा प्रदान करता है।
31 मई से प्रारंभ हुए इस निःशुल्क योग शिविर में प्रतिदिन प्रातः बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस जवान, विद्यार्थी, महिलाएं, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। सात दिनों तक चले इस आयोजन ने मनेंद्रगढ़ में योग के प्रति व्यापक जागरूकता का वातावरण निर्मित किया।
पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विभिन्न योगाचार्यों ने प्रतिभागियों को अनेक योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं योग निद्रा का अभ्यास कराया। साथ ही मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, तनाव, अनिद्रा और अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए योग और प्राकृतिक जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के केंद्रीय प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में योग साधकों की उपस्थिति रही। लगभग सौ से अधिक पुलिसकर्मियों ने भी योगाभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
समापन समारोह में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, नशामुक्त और संस्कारित समाज निर्माण का संकल्प लिया। आयोजन से जुड़े संस्थानों और सहयोगी संगठनों के योगदान की सराहना करते हुए आयोजकों ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाना ही इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य था, जो सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
सात दिनों तक चले इस योग शिविर ने मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य जागरूकता की नई मिसाल कायम करते हुए यह संदेश दिया कि योग ही स्वस्थ, संतुलित और सफल जीवन की आधारशिला है।


