कांग्रेस पार्षदों ने खोला मोर्चा: बजट, पानी, बिजली और पारदर्शिता के मुद्दों पर कलेक्टर को घेरा जनसमस्याओं के समाधान की मांग, अनियमितताओं की जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

 

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



मनेंद्रगढ़। नगर की मूलभूत सुविधाओं, नगर पालिका की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने नगर की पेयजल, विद्युत, स्ट्रीट लाइट, महिला सुरक्षा, बजट और विकास कार्यों में पारदर्शिता जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस पार्षदों के अलावा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति, यूथ कांग्रेस पदाधिकारी, पूर्व एल्डरमैन, सांसद प्रतिनिधि, महिला कांग्रेस की पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गीतिका चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे। सभी ने कलेक्टर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और नगर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति ने नगर पालिका के बजट का मामला उठाते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष का बजट अब तक परिषद के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया है, जबकि नियमानुसार यह प्रक्रिया पहले ही पूरी हो जानी चाहिए थी। उन्होंने परिषद की बैठक बुलाकर बजट संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।

वरिष्ठ पार्षद अजय जायसवाल ने नगर पालिका के विकास एवं मरम्मत कार्यों में पारदर्शिता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शासन से नियमित रूप से प्राप्त होने वाली राशि और विभिन्न करों से अर्जित राजस्व के उपयोग की जानकारी पार्षदों एवं जनता के समक्ष रखी जानी चाहिए। उन्होंने नगर पालिका के कार्यों में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मामले की जांच नहीं हुई तो कांग्रेस जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।

बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा। वार्डों में लगातार बनी हुई बिजली कटौती, जर्जर विद्युत व्यवस्था, नए ट्रांसफार्मर की आवश्यकता तथा पेयजल संकट के मुद्दों को लेकर अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। पार्षदों ने कहा कि कई क्षेत्रों में नागरिकों को नियमित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिससे आम जनता परेशान है।

वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद किरण कुजूर ने पेयजल आपूर्ति की अनियमितता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब नागरिकों को पूरे महीने पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, तो पूर्ण शुल्क वसूला जाना उचित नहीं है। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार और शुल्क निर्धारण में पारदर्शिता की मांग की।

महिला कांग्रेस की पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गीतिका चंदेल ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण की मांग की। वहीं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी एवं हाफिज मेमन ने शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई।

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। कलेक्टर ने सभी मांगों और समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

मुलाकात के बाद कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि वे नगरवासियों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाते रहेंगे और यदि आवश्यक हुआ तो जनता के हित में व्यापक आंदोलन भी किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post