जिला ब्यूरो बबलू जायसवाल
मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला एमसीबी द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला बैठक का आयोजन रविवार, 22 फरवरी 2026 को नागपुर सभागृह में किया गया। प्रातः 10 बजे से सायं 4:30 बजे तक चले इस विस्तृत आयोजन में संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सशक्त बनाने की रणनीति पर गहन मंथन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ “मन की बात” सत्र से हुआ। अतिथियों के आगमन उपरांत दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ प्रथम सत्र प्रारंभ किया गया। जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय दर्शन आज भी संगठन की प्रेरणाशक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को वैचारिक रूप से दृढ़, अनुशासित और समाज के प्रति उत्तरदायी बनाना है।
प्रथम सत्र की अध्यक्षता जिला प्रवक्ता जमुना पाण्डेय ने की। मुख्य वक्ता नरोत्तम नाथ योगी ने संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रनिर्माण की भावना से जुड़ा अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। संचालन जिला उपाध्यक्ष संजय राय ने किया।
द्वितीय सत्र “विचार परिवार” विषय पर केंद्रित रहा। जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल की अध्यक्षता में पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल केसरवानी ने संबोधित करते हुए कहा कि विचार परिवार के विभिन्न संगठनों का समन्वय ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव को जीवन में उतारने का संदेश दिया। इस सत्र का संचालन श्रीमती सरोज यादव ने किया।
तृतीय सत्र “प्रशिक्षण में नवाचार” पर आधारित रहा, जिसमें आधुनिक पद्धतियों, संवादात्मक प्रशिक्षण और प्रभावी कार्यशैली पर चर्चा की गई। इसके बाद भोजन अवकाश रखा गया।
चतुर्थ सत्र में आई.टी. और सोशल मीडिया की भूमिका पर चर्चा हुई। संजय राय की अध्यक्षता में मुख्य वक्ता संजय सोनी ने डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, सोशल मीडिया प्रबंधन और तकनीकी सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन अरविंद अग्रवाल ने किया।
अंतिम सत्र में जिज्ञासा समाधान एवं समापन हुआ। लखन लाल श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिसे निरंतर आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाकर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करें।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री आशीष मजूमदार ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती सरोज यादव ने किया।
कार्यशाला में जिलेभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाना रहा, ताकि आगामी गतिविधियों में संगठन प्रभावी भूमिका निभा सके।
