01.70 लाख रुपये की गडबड़ी करने वाला आरोपी बिहार से गिरफ्तार

रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़ 



जांजगीर-चांपा, चावल खरीदी-बिक्री के नाम पर 1,70,000 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में बिहार से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल, प्रोपराइटर सुलोचना फूड, निवासी जांजगीर ने 12 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि चावल ब्रोकर अंजनी अग्रवाल के माध्यम से आरोपी ओम प्रकाश शर्मा (पिता दीप लाल शर्मा, निवासी बिहार) से मोबाइल पर 900 क्विंटल चावल 2980 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद-बिक्री का सौदा हुआ था।

आरोपी ने ट्रक भाड़ा एवं अन्य खर्च के नाम पर अलग-अलग किश्तों में फोनपे और बैंक खाते के माध्यम से कुल 1,70,000 रुपये प्राप्त कर लिए। इसके बाद आरोपी ने फर्जी बिल भेजा, लेकिन चावल की आपूर्ति नहीं की और अपना मोबाइल बंद कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल (रापुसे) के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में साइबर तकनीक के माध्यम से आरोपी का पता लगाया गया। जांच में आरोपी का पता जिला अररिया (बिहार) में मिला।

सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम बिहार रवाना हुई और मालद्वार, जिला अररिया से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, बैंक खाता एवं अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, साइबर थाना के निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा एवं आरक्षक माखन साहू का विशेष योगदान रहा।

रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

Post a Comment

Previous Post Next Post