शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी शहडोल से गिरफ्तार

 मनेन्द्रगढ़,जिला ब्यूरो बबलू जायसवाल 


मनेन्द्रगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार युवक को पकड़कर भेजा जेल

मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को मध्यप्रदेश के शहडोल जिले से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दबिश देकर पकड़ा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास साहू उर्फ बबलू (26 वर्ष), निवासी ग्राम ब्यौहारी, जिला शहडोल (म.प्र.) है। पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ मनेन्द्रगढ़ में कई बार दुष्कर्म किया और उसका शोषण करता रहा।

प्रारंभ में पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना शहडोल में कार्रवाई की गई, लेकिन घटना स्थल मनेन्द्रगढ़ होने के कारण मामला यहां स्थानांतरित किया गया। मनेन्द्रगढ़ थाना में अपराध क्रमांक 36/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था और अपने घर पर भी नहीं मिल रहा था। इस पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में गठित टीम ने शहडोल पहुंचकर मुखबिर की सूचना पर आरोपी को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 17 अप्रैल 2026 को दोपहर 1:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उसके अधिकारों की जानकारी दी गई तथा परिजनों को सूचित किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, उपनिरीक्षक अराधना बनोडे, प्रधान आरक्षक विवेक मणि, आरक्षक शाहबाज एवं सुमित भारती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post