गांव-गांव तक पहुंचेगा विकास: एमसीबी में 56 सड़कों का शिलान्यास सम्पन्न

जिला ब्यूरो बबलू जायसवाल 



एमसीबी/मनेंद्रगढ़/ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) 2025-26 अंतर्गत जिले में सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (SAGES) ऑडिटोरियम, मनेन्द्रगढ़ में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला पंचायत एमसीबी की अध्यक्ष यशवंती सिंह सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि राज्य स्तर पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कुल 774 सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी कुल लंबाई 2,426.875 किलोमीटर है तथा इनके निर्माण हेतु 2,225.44 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। योजना के माध्यम से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले को इस योजना के अंतर्गत 56 सड़कों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 264.63 किलोमीटर होगी, जिनके निर्माण पर 23,667.83 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इससे जिले के ग्रामीण अंचलों में कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी तथा आमजन को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी।

विकासखंडवार विवरण के अनुसार भरतपुर विकासखंड में 1 सड़क (2.00 किमी) के लिए 180 लाख रुपये, मनेन्द्रगढ़ विकासखंड में 32 सड़कों (144.57 किमी) हेतु 13,013.88 लाख रुपये तथा खड़गवां विकासखंड में 23 सड़कों (118.06 किमी) के लिए 10,473.95 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में सड़कों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से देश के दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का कार्य किया गया है। वर्तमान में इस योजना को और अधिक गति प्रदान की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई दिशा मिल रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू, नगर परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह, रामजीत लकड़ा एवं श्रीमती बेला कुवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया तथा योजना के क्रियान्वयन को लेकर सकारात्मक अपेक्षाएं व्यक्त कीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post