जिला ब्यूरो बबलू जायसवाल
मनेन्द्रगढ़। योग एवं आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पतंजलि योग समिति द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्ति की गई है। योग साधक रामसेवक विश्वकर्मा को तहसील प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रदेश महामंत्री, पतंजलि भारत स्वाभिमान न्यास छत्तीसगढ़ एवं वरिष्ठ राज्य प्रभारी संजय अग्रवाल द्वारा प्रदान की गई।
राज्य इकाई से प्राप्त नियुक्ति पत्र को वरिष्ठ जिला योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने रामसेवक विश्वकर्मा को औपचारिक रूप से सौंपा। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में एमसीबी जिले में योग एवं स्वदेशी विचारधारा को नई मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त तहसील प्रभारी रामसेवक विश्वकर्मा योग सेवा, सद्भाव एवं संगठन विस्तार के प्रति समर्पित रहते हुए पूरे जिले में योग गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार का दायित्व निभाएंगे।
कार्यक्रम में महिला योग प्रभारी बलबीर कौर, वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण निशि, आर.डी. दिवान एवं जगदंबा अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में योग के प्रचार-प्रसार को नई दिशा मिलेगी।
पतंजलि महिला योग समिति जिला इकाई की ओर से कल्पना सिंह राजपूत, सुनीता शर्मा, अनीता फरमानिया, रूपा पोद्दार, पिंकी सलूजा, विनीता उपाध्याय, सुमन एवं नीलम दुबे ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और संगठन विस्तार के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कैलाश दुबे, राकेश अग्रवाल, कविता मंगतानी, राजेश मंगतानी, दिवाकर मिश्रा, रोशन जहां सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। सम्मान कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय द्वारा किया गया।
