जिला ब्यूरो बबलू जायसवाल
मनेन्द्रगढ़।मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के वरिष्ठ साहित्यकार एवं नवगीतकार सतीश उपाध्याय को साहित्यिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “शब्द शिल्पी सम्मान” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें साहित्य संगम बुक्स प्रकाशन द्वारा प्रदान किया गया।
काव्य संकलन ‘काव्य कुमुद’ की संपादक डॉ. अंजना सिन्हा तथा प्रकाशन मंडल द्वारा सतीश उपाध्याय को उनकी उत्कृष्ट रचनात्मकता, गहन लेखनी और शब्दों के अद्भुत विन्यास के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके साहित्य में भावनाओं की गहराई और अभिव्यक्ति की सशक्त शैली विशेष रूप से सराही जाती रही है।
उल्लेखनीय है कि सतीश उपाध्याय पिछले चार दशकों से निरंतर साहित्य सेवा में सक्रिय हैं और अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। वे विश्व भाषा अनुवाद पत्रिका ‘सद्भावना दर्पण’ के सहायक संपादक होने के साथ-साथ पतंजलि योग समिति में वरिष्ठ जिला योग प्रशिक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उनका नवीनतम साझा काव्य संकलन आईएसबीएन नंबर के साथ प्रकाशित हुआ है, जिसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अमेजॉन पर भी उपलब्ध कराया गया है।
सतीश उपाध्याय को मिले इस सम्मान से न केवल मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र बल्कि पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। साहित्य प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
