जिला ब्यूरो बबलू जायसवाल
मनेन्द्रगढ़ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का परिचय देते हुए मनेन्द्रगढ़ स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी गुणवत्ता का परचम लहराया है। शैक्षणिक सत्र 2025–26 में कक्षा दसवीं का परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जो विद्यालय की मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था और समर्पित शिक्षण पद्धति का प्रमाण है। इस शानदार उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ। मेधावी छात्रों में अर्चित दुजानिया ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं लिज़ा दीवान ने 95 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। हृषि वर्मा एवं रचित गुप्ता ने 91-91 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मनजोत सलूजा ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय की सफलता में योगदान दिया। इशान साहू (86%), हरनीश चावला (85%), अर्नव अग्रवाल (84.4%), अवंतिका सिंह (83.6%) एवं अदिति प्रधान (83.2%) ने उल्लेखनीय अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देता है।
संस्था की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का प्रतीक है, जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
विद्यालय की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। यह परिणाम क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित करेगा।
