मनेन्द्रगढ़ कप 2026 का महामुकाबला आज: वार्ड 17 और वार्ड 22 के बीच होगी खिताबी जंग16 वर्षों से खेल प्रतिभाओं को मंच दे रहा प्रेसिडेंट क्लब, वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष सिंह और सुरजीत सिंह रैना की भूमिका रही अहम


जिला चीप ब्यूरो बबलू जायसवाल 

मनेंद्रगढ़- शहर में खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। प्रेसिडेंट क्लब मनेंद्रगढ़ द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता “मनेन्द्रगढ़ कप 2026” अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच चुकी है। लगातार 16वें वर्ष आयोजित हो रहे इस भव्य टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शनिवार 30 मई को स्कूल ग्राउंड में रात्रि 8 बजे खेला जाएगा, जिसमें वार्ड नंबर 17 और वार्ड नंबर 22 की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पहले सेमीफाइनल में वार्ड नंबर 17 ने दमदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड नंबर 20 को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में वार्ड नंबर 22 ने कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में वार्ड नंबर 19 को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
फाइनल मुकाबले को लेकर पूरे नगर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। देर रात तक चलने वाले इस महामुकाबले को देखने बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन समिति द्वारा समापन समारोह को भी भव्य रूप देने की तैयारी की गई है।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। टूर्नामेंट की शुरुआत से लेकर समापन तक कार्यक्रम संचालन, मंच संचालन और संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी उन्होंने बखूबी निभाई है। उनके साथ सुरजीत सिंह रैना भी पूरे आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाओं को संभाल रहे हैं। दोनों की मेहनत और समर्पण से यह आयोजन हर वर्ष और अधिक भव्य स्वरूप लेता जा रहा है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री माननीय श्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव करेंगी। वहीं भाजपा एमसीबी जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले, पूर्व नपा अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता लखन लाल श्रीवास्तव, सरस्वती शिशु मंदिर के व्यवस्थापक दिनेश्वर मिश्रा, मेडिकल कॉलेज निर्माण कंपनी डीवी कंपनी के डायरेक्टर निखिल जायसवाल एवं गौरव राघव, अमित पोद्दार, सिद्धबाबा समिति के प्रमुख विकास श्रीवास्तव सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक, पार्षदगण और पत्रकार बंधु विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
प्रेसिडेंट क्लब के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है। क्लब का कहना है कि यह टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नगर की युवा प्रतिभाओं को मंच देने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम बन चुका है।

Post a Comment

Previous Post Next Post