मनेन्द्रगढ़ बनेगा योग और प्राकृतिक चिकित्सा का केंद्र, 31 मई से लगेगा विशाल निशुल्क योग शिविर

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



योग अपनाइए, रोग भगाइए — देशभर के अनुभवी चिकित्सकों की मौजूदगी में होगा ऐतिहासिक आयोजन

मनेन्द्रगढ़। स्वस्थ जीवनशैली और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनेन्द्रगढ़ में 31 मई से 6 जून तक विशाल निशुल्क योग एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले के इतिहास में पहली बार आयोजित होने वाले इस भव्य शिविर में देशभर के अनुभवी नेचरोथेरेपिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, काइरोप्रैक्टर एवं प्राकृतिक चिकित्सकों की टीम लोगों को योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ रहने के गुर सिखाएगी।

इस संबंध में सरस्वती शिशु मंदिर के योग प्रांगण में योग साधकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित खानपान और तनावपूर्ण जीवनशैली के कारण लोग अनेक बीमारियों से घिरते जा रहे हैं। योग ही ऐसा माध्यम है जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित कर व्यक्ति को निरोगी जीवन प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन योग और प्राणायाम करने से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, माइग्रेन, कमर दर्द, तनाव, अनिद्रा, श्वास रोग एवं मानसिक परेशानियों जैसी अनेक बीमारियों से राहत मिलती है। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की प्राचीन जीवन पद्धति है, जो शरीर में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग को नई पहचान दिलाने के बाद अब पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार कर रही है। आज विदेशों में भी लोग भारतीय योग पद्धति को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में मनेन्द्रगढ़ में आयोजित यह शिविर लोगों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगा।

कार्यक्रम के अनुसार 31 मई से 6 जून तक प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक सरस्वती शिशु मंदिर के विशाल खेल प्रांगण में वृहद योग शिविर आयोजित होगा। इसके बाद स्थानीय राजस्थान भवन में सुबह 9:30 बजे से विभिन्न रोगों के निदान हेतु विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श एवं प्राकृतिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में उपस्थित योग साधकों ने कहा कि यदि व्यक्ति नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर ले तो वह शारीरिक एवं मानसिक रूप से लंबे समय तक स्वस्थ रह सकता है। योग व्यक्ति में आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करता है। साथ ही यह बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी के लिए लाभकारी है।

बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सहायक नेत्राधिकारी आर. डी. दीवान, वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण निशि, वनवासी कल्याण आश्रम के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगदंबा अग्रवाल, पतंजलि योग समिति के तहसील प्रभारी रामसेवक विश्वकर्मा, योग साधिका एवं आध्यात्मिक प्रवक्ता कल्पना सिंह राजपूत, भैरव केसरवानी, दिवाकर मिश्रा, राकेश अग्रवाल, परमानंद सिंह, प्रद्युम्न ताम्रकार, अर्चना सेजपाल, महिला जिला योग समिति प्रमुख बलवीर कौर, अर्चना अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय ने किया। इस दौरान सभी योग साधकों ने नगर के प्रत्येक वार्ड में शिविर की जानकारी पहुंचाने, अधिक से अधिक पंजीयन कराने एवं लोगों को योग से जोड़ने का संकल्प लिया। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे इस ऐतिहासिक योग एवं चिकित्सा शिविर में शामिल होकर निरोगी जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post