मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत मिली प्रशासकीय स्वीकृति, क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
एमसीबी/चिरमिरी। एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर पालिक निगम क्षेत्र को विकास की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नगर पालिक निगम चिरमिरी में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण कार्य हेतु ₹509.36 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्माण कार्य मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 20 स्थित शासकीय महाविद्यालय चिरमिरी के समीप कराया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के बाद चिरमिरी एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त सभागार उपलब्ध होगा। लंबे समय से क्षेत्र में बड़े आयोजनों के लिए उपयुक्त ऑडिटोरियम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब शासन की स्वीकृति मिलने के बाद मूर्त रूप मिलने जा रहा है।
प्रस्तावित ऑडिटोरियम में विशाल सभागार, आधुनिक मंच व्यवस्था, ध्वनि एवं प्रकाश प्रणाली, पर्याप्त बैठक व्यवस्था, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने इस स्वीकृति को चिरमिरी के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। लोगों का कहना है कि इससे न केवल सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बड़े स्तर के शासकीय एवं गैर-शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
इस अवसर पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चिरमिरी क्षेत्र लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और चिरमिरी को मिला यह भव्य ऑडिटोरियम क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह ऑडिटोरियम चिरमिरी की नई पहचान बनेगा तथा यहां सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही युवाओं एवं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और क्षमता प्रदर्शित करने के लिए आधुनिक मंच उपलब्ध हो सकेगा।
नगर पालिक निगम क्षेत्र में इस बड़ी परियोजना की स्वीकृति के बाद जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों में उत्साह का माहौल है। लोगों ने इसे चिरमिरी के शहरी विकास और आधुनिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

