जिला ब्यूरो चीफ बबलू जयसवाल
32 टीमों के बीच देर रात तक चला रोमांचक मुकाबला, खिलाड़ियों के दमखम और खेल भावना ने जीता दर्शकों का दिल
खड़गवां/एमसीबी।विकासखंड खड़गवां अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवरी में आयोजित तीन दिवसीय भव्य नाइट कबड्डी प्रतियोगिता का समापन उत्साह और रोमांच के साथ हुआ। प्रतियोगिता में जिले सहित आसपास क्षेत्रों की कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। रातभर चले रोमांचक मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को बांधे रखा और गांव का माहौल खेलमय बना रहा।
फाइनल मुकाबला सुपर किंग बंजी (MCB) और बेलबहरा की टीम के बीच खेला गया, जहां दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबले में शानदार तालमेल, तेज रेड और बेहतरीन डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए सुपर किंग बंजी ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं बेलबहरा की टीम उपविजेता रही। तृतीय स्थान पर कटघोरा कोरबा की टीम रही, जिसने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और टीम वर्क का उत्कृष्ट परिचय दिया। देर रात तक ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मैदान में मौजूद रही। युवाओं में कबड्डी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों द्वारा मैदान में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था एवं खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं।
ग्रामीण अंचलों में इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करती हैं, बल्कि उन्हें नशे और गलत गतिविधियों से दूर रखकर खेल के प्रति प्रेरित भी करती हैं। कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेल आज भी गांवों की पहचान बने हुए हैं और युवाओं में ऊर्जा, साहस एवं आत्मविश्वास का संचार कर रहे हैं।
समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने की बात कही।
