मनेंद्रगढ़ में “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम सम्पन्न, जिले के विकास को लेकर कलेक्टर ने साझा की कार्ययोजना

 जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस, कलेक्टर संतन जांगड़े ने पत्रकारों से लिए सुझाव

मनेंद्रगढ़, एमसीबी जिले की कलेक्टर सुश्री संतन जांगड़े आज मनेंद्रगढ़ मुख्यालय स्थित प्रेस क्लब में आयोजित “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में शामिल हुईं, जहां उन्होंने जिले के पत्रकारों से सीधे संवाद कर विकास कार्यों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से जिले के विकास को लेकर सुझाव भी लिए गए।

कलेक्टर सुश्री संतन जांगड़े ने कहा कि प्रशासन जिले के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में विशेष प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा। जहां भी विकास की संभावनाएं होंगी, वहां योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर जिले को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है तथा आम जनता की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष रंजीत सिंह ने सभी पत्रकार साथियों की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर कलेक्टर का स्वागत किया। वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण निशि ने भी स्वागत करते हुए जिले के विकास एवं पत्रकारिता से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर पत्रकारों ने पत्रकार हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर महोदया को ज्ञापन भी सौंपा। कलेक्टर ने पत्रकारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जहां तक संभव होगा, प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग और मदद प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम का संचालन सतीश गुप्ता, आईबीसी 24 के जिला कोरिया-मनेंद्रगढ़ ब्यूरो द्वारा किया गया। इस दौरान अमृत संदेश के जिला ब्यूरो लवकांत जायसवाल सहित अशोक श्रीवास्तव, सुरेश विनोचा, राजेश सिन्हा, अविनाश चंद्र, जावेद, अरुण श्रीवास्तव, गुरदीप अरोरा, द्रोणाचार्य दुबे, मनोज श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहां पत्रकारों और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद देखने को मिला।

Post a Comment

Previous Post Next Post