चोरी की नीयत पर आरोपी को नवागढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट
रघु साहू 
जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा 


जांजगीर-चांपा, 29 मई 2026 नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमोदा में देर रात घर में घुसकर चोरी करने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान सुनील कश्यप (35 वर्ष), निवासी हरदीहरी, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 28 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। ग्राम हरदी निवासी प्रार्थी शत्रुघ्न करियरे अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति चोरी की नीयत से घर में घुस गया। आरोपी ने घर के बाहर और अंदर लगे जलते हुए बल्ब निकालकर फेंक दिए, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे सके।
आवाज सुनकर प्रार्थी जाग गए और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने उन्हें धक्का देकर भागने की कोशिश की। भागते समय आरोपी अपने दो मोबाइल फोन, गमछा, चप्पल और मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनील कश्यप के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


ब्यूरो रिपोर्ट
रघु साहू 
जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

Post a Comment

Previous Post Next Post