ब्यूरो रिपोर्ट
रघु साहू
जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चंपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा, 29 मई 2026
चांपा पुलिस ने कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने के मामले में तीन ट्रक चालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन ट्रेलर सहित लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीआईएल) चांपा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भास्करपारा कोल माइंस, सूरजपुर से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन वाहनों में कोयला पीआईएल चांपा भेजा गया था।
तीनों वाहन चालकों — अजमत अंसारी, रामचन्द्र और शेख सरफरोज — ने 25 मई को कोयला लोड कर रवाना हुए और 27 मई को पीआईएल चांपा पहुंचे। प्लांट के आरएमएच विभाग में कोयला खाली कराने के दौरान उसकी गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। जांच में कोयले में मिलावट होने की पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में उन्होंने वाहनों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतारकर उसकी जगह निम्न स्तर का कोयला भर दिया था। इसके बाद वही कोयला प्लांट में पहुंचाया गया।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गणेश कोल डिपो, अमझर से बदला गया कोयला और तीन ट्रेलर बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों में शेख सरफरोज (35 वर्ष) निवासी गढ़वा, झारखंड; अजमत अंसारी (32 वर्ष) निवासी गढ़वा, झारखंड; तथा रामचन्द्र (30 वर्ष) निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ब्यूरो रिपोर्ट
रघु साहू
जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़