सुशासन तिहार में भाजपा नेता की खुली नाराज़गी, मुख्यमंत्री के सामने विधायक की कार्यशैली पर उठे सवाल

जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



पूर्व विधायक गुलाब कमरो बोले — “भाजपा के अपने लोग ही खोल रहे सरकार के सुशासन की पोल”

बैकुंठपुर/कोरिया।कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुशहा में गुरुवार को आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय राजनीतिक रूप से चर्चाओं में आ गया, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में ही भाजपा के एक पदाधिकारी ने मंच से क्षेत्र की समस्याओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली को लेकर खुलकर नाराज़गी जाहिर कर दी।

मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर आगमन और कार्यक्रम के बीच मंच से भाजपा पदाधिकारी द्वारा कही गई बातों ने पूरे आयोजन का माहौल बदल दिया। पदाधिकारी ने भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक पर जनता से दूरी बनाए रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है और आम लोग परेशान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों तक पहुंच नहीं पा रही है, जिससे लोगों में निराशा बढ़ रही है।

कार्यक्रम के दौरान सामने आई इस नाराज़गी का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। मामले को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

गुलाब कमरो ने कहा कि भाजपा सरकार जिस व्यवस्था को “सुशासन” बताकर प्रचारित कर रही है, उसकी सच्चाई अब उनके अपने ही पदाधिकारी मुख्यमंत्री के सामने उजागर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता परेशान है, भाजपा कार्यकर्ता नाराज़ हैं और सरकार केवल आयोजनों एवं प्रचार कार्यक्रमों में व्यस्त दिखाई दे रही है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के पदाधिकारी ही मंच से अपनी पीड़ा व्यक्त करने को मजबूर हैं, तो आम जनता की समस्याओं का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना की चर्चा अब पूरे कोरिया और एमसीबी क्षेत्र में बनी हुई है। राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा के अंदरूनी असंतोष और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के प्रति बढ़ती नाराज़गी के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post