स्थान जिला सक्ति
रिपोर्टर जगन्नाथ प्रसाद चंद्रा
सक्ती, 01 जून 2026 / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में आमजनों की समस्याओं और मांगों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत गांव-गांव में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मालखरौदा विकासखंड के ग्राम बंदोरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में दिव्यांग हितग्राही सुभाष कुमार चंद्रा की समस्या का तत्काल समाधान किया गया। अस्थि बाधित होने के कारण उन्हें आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन दिया था। आवेदन प्राप्त होते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर स्थल पर ही उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने पर सुभाष कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा और उन्हें दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
