रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा पुलिस ने किराए पर भारी वाहन लेकर उन्हें दूसरे राज्यों में बेचने वाले एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो जेसीबी, एक हाइवा, एक टाटा सफारी, एक महंगा मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार गिरोह पिछले लगभग तीन वर्षों से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में इस प्रकार की ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
किराए के बहाने ले गए जेसीबी
मामले की शुरुआत तब हुई जब पिपरसत्ती निवासी प्रदीप कुमार कोसले ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी जेसीबी मशीन क्रमांक CG 10 CC 8743 को किराए पर देने के लिए बम्हनीन निवासी सन्नी पाटले के माध्यम से तीरथराज कुर्रे और राहुल खांडे से संपर्क हुआ था।
आरोपियों ने 1.40 लाख रुपये प्रतिमाह किराया देने और दो दिन के भीतर 50 हजार रुपये अग्रिम भुगतान करने का आश्वासन देकर जेसीबी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए तथा वाहन में लगा जीपीएस भी निकाल दिया। जीपीएस की अंतिम लोकेशन जबलपुर में मिलने पर वाहन स्वामी को ठगी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया ठगी का नेटवर्क
थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वाहन खरीद-बिक्री और किरायानामा तैयार कर वाहनों को अपने कब्जे में लेते थे तथा बाद में उन्हें दूसरे राज्यों में बेचकर उनके नंबर भी बदल देते थे।
जांच के दौरान पुलिस को कई अन्य मामलों की जानकारी भी मिली। आरोपियों ने रायपुर निवासी अमृत साहू से एक जेसीबी खरीदने का सौदा कर भुगतान का झांसा दिया और वाहन को भरत गुप्ता तथा शिवम जायसवाल को बेच दिया। इसी तरह एक टाटा ट्रेलर और एक पावर ट्रैक्टर भी अलग-अलग व्यक्तियों से लेकर आगे बेच दिए गए।
जबलपुर से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में बिलासपुर और अकलतरा क्षेत्र के तीन आरोपियों के साथ-साथ जबलपुर से शिवम जायसवाल और गिरोह के कथित मास्टरमाइंड भरत गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार भरत गुप्ता के विरुद्ध बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में भी जेसीबी ठगी का एक मामला दर्ज है।
भरत गुप्ता को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके आधार पर जबलपुर से ठगी गई जेसीबी CG 10 CC 8743 बरामद की गई। वहीं हाइवा वाहन CG 04 MA 0479 को फाइनेंस की किस्तें जमा नहीं होने के कारण फाइनेंसर द्वारा जबलपुर स्थित यार्ड में जब्त किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी
तीरथराज कुर्रे (21 वर्ष), निवासी बकरकूदा, बिलासपुर
राहुल खांडे (24 वर्ष), निवासी सीपत खम्हरिया, बिलासपुर
सन्नी लाल पाटले (35 वर्ष), निवासी बम्हनीन, अकलतरा
शिवम जायसवाल (28 वर्ष), निवासी त्रिवेणी नगर, जबलपुर
भरत गुप्ता (47 वर्ष), निवासी व्यापार विहार, बिलासपुर एवं विजय नगर, जबलपुर
बरामद सामग्री
2 जेसीबी मशीनें (CG 10 CC 8743 एवं CG 11 AB 2521)
1 हाइवा (CG 04 MA 0479)
1 टाटा सफारी
सैमसंग गैलेक्सी S24 अल्ट्रा मोबाइल फोन
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
पुलिस की अपील
पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे वाहन किराए पर देने से पहले किरायेदार का पूर्ण सत्यापन अवश्य कराएं तथा वाहनों में लगे जीपीएस उपकरण को सक्रिय रखें, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में वाहन का पता लगाया जा सके।

