पुलिस कार्यालय में हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

 रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़


पुलिस अधीक्षक
कार्यालय जांजगीर में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस कर्मचारियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी द्वारा कर्मचारियों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे ग्राम सेमरा, थाना नवागढ़ निवासी पंकज कुमार चौबे (34 वर्ष) पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उसने अजाक-जवाक शाखा में एक आवेदन प्रस्तुत कर तत्काल उसकी पावती देने की मांग की। ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी द्वारा आवेदन पढ़ने के बाद पावती देने की बात कहने पर आरोपी नाराज हो गया।

बताया गया है कि आरोपी ने कार्यालयीन प्रक्रिया का विरोध करते हुए कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार किया और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने लगा। स्थिति बिगड़ने पर कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की। इस दौरान उसने कर्मचारियों को झूठे प्रकरणों में फंसाने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 405/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 121(1), 132, 296 एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी तथा आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह और तोरन डहरिया की विशेष भूमिका रही।


रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़

Post a Comment

Previous Post Next Post