जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
चरखा गांव में दर्दनाक हादसा; पूर्व विधायक गुलाब कमरो पहुंचे अस्पताल, घायलों का जाना हालचाल
जनकपुर/एमसीबी/जनकपुर क्षेत्र के ग्राम चरखा में मंगलवार दोपहर लगभग तीन बजे मौसम के अचानक बदले मिजाज ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। तेज गर्जना और बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम चरखा में लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आए छह लोगों में से एक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना और चिकित्सकों से चर्चा कर सभी घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
पूर्व विधायक ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार को नियमानुसार सहायता प्रदान करने तथा घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होने देने की मांग की।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

