कलेक्टर जांगड़े की पहल से गूंजा हरित और सुरक्षित भविष्य का संदेश

 


CAF परिसर में वृक्षारोपण के साथ अग्निशमन दल का रोमांचक लाइव प्रदर्शन, पर्यावरण संरक्षण और आपदा सुरक्षा का दिया गया बड़ा संदेश


जिला ब्यूरो चीफ बबलू मनेन्द्रगढ़
। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 18वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) चैनपुर परिसर में ऐसा आयोजन हुआ, जिसने पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन के महत्व को एक साथ जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े रहीं, जिनके नेतृत्व में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण शपथ और अग्निशमन एवं राहत-बचाव कार्यों का प्रभावशाली प्रदर्शन आयोजित किया गया।

कलेक्टर जांगड़े ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि आज के दौर में वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पृथ्वी और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और रोमांचक हिस्सा अग्निशमन एवं आपदा बचाव दल का लाइव डेमोंस्ट्रेशन रहा। गैस सिलेंडर में आग लगने, विद्युत शॉर्ट सर्किट से आगजनी, भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने तथा आपातकालीन राहत कार्यों का वास्तविक प्रदर्शन कर जवानों ने अपनी दक्षता का परिचय दिया। आधुनिक अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग पर नियंत्रण पाने की तकनीक और बचाव के उपायों को देखकर उपस्थित लोग प्रभावित हुए।


18वीं वाहिनी CAF के सेनानी संजय शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा जागरूकता समाज की साझा जिम्मेदारी है। यदि हर नागरिक इन विषयों के प्रति संवेदनशील बने तो एक सुरक्षित और बेहतर समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में CAF के अधिकारियों, जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। समापन अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण, अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े की प्रेरक उपस्थिति में हरित पर्यावरण, जनसुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।

Post a Comment

Previous Post Next Post