पुलिस की पहल तीन गांवों में महिला कमांडो टीम गठित, नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकताअभियान को मिलेगी नई ताकत

रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़



जांजगीर-चांपा, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) की पहल पर बलौदा क्षेत्र के तीन गांवों—कोरबी, डोंगरी और काटापाली—में एक साथ महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति एवं साइबर जनजागरूकता विषयक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।



थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम डोंगरी में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में तीनों गांवों की जागरूक एवं सक्रिय महिलाओं को संगठित कर महिला कमांडो टीम बनाई गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामुदायिक जागरूकता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका प्रदान करना है।



महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : पुलिस अधीक्षक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि महिला कमांडो टीम गांव-गांव में जनजागरूकता की मजबूत कड़ी बनेगी तथा नशे के विरुद्ध अभियान, साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध और नशे की समस्या समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। इन समस्याओं का समाधान केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनसहभागिता आवश्यक है। महिला कमांडो टीम के सदस्य अपने-अपने गांवों में लोगों को जागरूक करेंगे, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएंगे तथा महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग बनाएंगे।

साइबर ठगी, डिजिटल सुरक्षा और महिला संरक्षण पर दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान महिला कमांडो टीम की भूमिका, दायित्व और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा बाल संरक्षण विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन तथा बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा उपस्थित रहे।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया यह कदम नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता अभियान को नई गति प्रदान करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता को भी मजबूत करेगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post