कोतवाली टीआई विवेक पाटले की सटीक घेराबंदी में फंसे दो शातिर चोर; सवा लाख की दो बाइक बरामद, दोनों आरोपी सलाखों के पीछे
लीड फ्रॉम फ्रंट : रिपोर्ट दर्ज होते ही खुद संभाली कमान, मुखबिर तंत्र एक्टिव कर संदिग्धों को रडार पर लिया
सख्ती से पूछताछ : कोतवाली प्रभारी के तेवर देख टूटे आरोपी, निशानदेही पर 1.10 लाख की पल्सर और स्प्लेंडर जब्त
दैनिक भास्कर क्राइम रिपोर्ट |
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेन्द्रगढ़
शहर में दोपहिया वाहनों की चोरी पर नकेल कसने के लिए सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले की अगुआई में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीआई पाटले की त्वरित रणनीति और फील्ड पर सीधी निगरानी के चलते पुलिस टीम ने बाइक चोरी के दो मामलों को एक साथ सुलझाते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 10 हजार रुपये मूल्य की दो मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं।
टीआई पाटले ने खुद बनाई धरपकड़ की रणनीति
कोतवाली में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और एएसपी अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में नगर निरीक्षक विवेक पाटले ने फौरन एक्शन प्लान तैयार किया। उन्होंने अपनी टीम के साथ मुखबिरों को एक्टिव किया और शहर के संदिग्ध इलाकों पर नजर गड़ा दी। टीआई के सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर राजेंद्र महतो (38 वर्ष, रेलवे कॉलोनी) और देवेंद्र भंडारकर (34 वर्ष, आरपीएफ बैरक के पीछे) को हिरासत में ले लिया।
सख्त पूछताछ में कबूला जुर्म, बरामद कराईं गाड़ियां
शुरुआत में दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन टीआई विवेक पाटले की सघन और पेशेवर पूछताछ के आगे उनके पैंतरे नहीं चले। दोनों ने शहर के अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर 70 हजार रुपये कीमत की पल्सर (CG 12 BU 9276) और 40 हजार रुपये की हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG 16 CD 1209) बरामद कर ली गई।
'अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान'
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। टीआई विवेक पाटले ने कहा कि शहर में चोरी, नशे और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। इस सफल ऑपरेशन में उपनिरीक्षक सोनू, विकास, भरत, प्रधान आरक्षक राजेश, रवि, राजकुमार तथा आरक्षक प्रमोद व प्रदीप एक्का ने मुस्तैदी से अपनी भूमिका निभाई।


Post a Comment