मनेन्द्रगढ़ बना 'अयोध्या': 5 लाख दीपों से चमका शहर, सरोवर तालाब के आंचल में उतरी सितारों सी जगमगाहट; सेवा संकल्प 2026 का ऐतिहासिक आगाज
अनोखा रिकॉर्ड : 51 हजार दीयों से जगमगाया सरोवर तट, पानी में झिलमिलाती रोशनी को कैमरों में कैद करने उमड़ी हजारों की भीड़
सेवा का संदेश : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दी पीएम को बधाई, कहा— 'सेवा की यह लौ अब जिले के हर घर तक पहुंचेगी'
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
एमसीबी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेदाग सेवा काल और जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनेन्द्रगढ़ ने शुक्रवार की शाम एक नया इतिहास रच दिया। 'सेवा संकल्प अभियान-2026' के जिला स्तरीय शुभारंभ के अवसर पर शहर का कोना-कोना 5 लाख से अधिक दीपों की सुनहरी किरणों से दमक उठा। सबसे मनोहारी और अविस्मरणीय नजारा वार्ड क्रमांक-8 स्थित सरोवर तालाब पर देखने को मिला, जहां घाटों पर सजे 51,000 दीपों की लौ जब जल की सतह पर थिरकी, तो लगा मानो आसमान से जमीन पर तारे उतर आए हों।
वंदे मातरम् की गूंज और छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना
समारोह की औपचारिक शुरुआत मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप जलाकर की। समूचे परिसर में गूंजते राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' ने माहौल को राष्ट्रीय चेतना और उत्साह से सराबोर कर दिया।
जनआंदोलन बना दीपोत्सव, हर हाथ में दिखी आस्था की बाती
आयोजन केवल सरकारी रस्म अदायगी नहीं रहा, बल्कि इसमें मनेन्द्रगढ़ की जनता ने दिल खोलकर भागीदारी निभाई। शाम का धुंधलका गहराते ही घाटों पर दीये सजाने की होड़ सी लग गई। मंत्री जायसवाल ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का जीवन जनसेवा की खुली किताब है। आज मनेन्द्रगढ़ ने 5 लाख दीप जलाकर यह साबित कर दिया है कि सेवा और समर्पण की भावना जिले के हर नागरिक के दिल में रची-बसी है।"
स्वास्थ्य और जनकल्याण के बड़े अभियान की नींव
इस महा-दीपोत्सव के साथ ही जिले में 'सेवा संकल्प अभियान' के दूसरे चरण का बिगुल फूंक दिया गया। इसके तहत आने वाले दिनों में एमसीबी जिले के सुदूर अंचलों तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, व्यापक स्वच्छता अभियान और वंचित तबकों के कल्याण से जुड़े जमीनी कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों सहित हजारों की तादाद में आम नागरिक देर रात तक इस अलौकिक दृश्य का आनंद लेते रहे।


Post a Comment