रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम रसेड़ा में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई स्कूटी और ताला तोड़ने वाली लोहे की रॉड बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रसेड़ा निवासी संदीप साहू 24 सितंबर को अपने मेन रोड स्थित घर में ताला लगाकर काम से बाहर गए थे। रात में जब वह परिवार के साथ घर लौटे तो अंदर कुछ अज्ञात लोग मौजूद दिखाई दिए। परिवार के सदस्यों को देखते ही आरोपी भागने लगे। इसी दौरान परिवार के लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और तत्काल घटना की सूचना अकलतरा पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मानसिंह उर्फ रामू सिंह (22) निवासी ग्राम कोसमनार, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़, हाल मुकाम बंधवा तालाब, तोरवा, जिला बिलासपुर बताया। पूछताछ में उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के अनुसार, दोनों चोरी की नीयत से संदीप साहू के घर पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले घर के सामने लगे चैनल गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 3 हजार रुपये नकद निकाल लिए। चोरी के बाद दोनों आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे, तभी घर के सदस्य वापस पहुंच गए। परिवार को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन एक आरोपी पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG 04 CS 5816 और ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद कर जब्त कर ली। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आरोपी के अन्य साथी की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक विनोद जाटवर, पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार के प्रभारी, प्रधान आरक्षक रेमन सिंह राजपूत, आरक्षक हेमंत साहू और धन्नू लहरे का योगदान रहा।

Post a Comment