कोतवाली व साइबर सेल ने NH-43 पर नाकाम की तस्करी; 48 नग मैकडॉवल शराब, बैग और बाइक जब्त
एसपी रत्ना सिंह के 'ऑपरेशन क्लीन' को मिली बड़ी सफलता, बिजुरी क्षेत्र के दोनों आरोपी जेल दाखिल
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
| मनेंद्रगढ़
सीमा पार से छत्तीसगढ़ में अवैध शराब खपाने के मंसूबे पर मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पानी फेर दिया। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर नेशनल हाईवे-43 स्थित फॉरेस्ट डिपो के सामने त्वरित नाकेबंदी कर पुलिस ने मध्य प्रदेश से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका और बीच सीट पर रखे पिट्ठू बैग से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रामनगर डोला से मनेंद्रगढ़ तक का रूट किया ट्रैक
पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के कड़े निर्देशों तथा एएसपी श्री अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिले की सीमा पर अवैध गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है।
24 सितंबर को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के रामनगर डोला स्थित अंग्रेजी शराब दुकान से दो युवक भारी मात्रा में शराब लेकर बाइक से मनेंद्रगढ़ की ओर बिक्री के लिए आ रहे हैं। इस इनपुट पर सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल ने फौरन संयुक्त रणनीति बनाई और घुटरीटोला मार्ग के पास हाईवे पर जाल बिछा दिया।
काले बैग से निकली 48 बोतलें
नाकेबंदी के दौरान जैसे ही काले-सिल्वर रंग की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (क्रमांक CG 16 CV 2898) पहुंची, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे रोक लिया।
वाहन पर सवार दोनों युवकों के बीच में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग (PROOGUE लिखा हुआ) की जब गवाहों के सामने तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से मैकडॉवल नंबर-01 (McDowells No. 01) की 180 एमएल वाली 48 प्लास्टिक की बोतलें बरामद हुईं।
जब्ती एवं आरोपियों का विवरण
बरामद शराब: 48 नग मैकडॉवल No. 01 (कुल 8.640 लीटर, अनुमानित मूल्य ₹9,600)
जब्त वाहन: हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (मूल्य लगभग ₹70,000)
कुल जब्ती: ₹79,600
गिरफ्तार आरोपी:
भीमसेन (21 वर्ष), पिता- राजकुमार सेन
विनय सोनवानी (18 वर्ष), पिता- विनोद कुमार सोनवानी
(दोनों निवासी: ग्राम कटकोना, बैहाटोला, थाना बिजुरी, जिला अनूपपुर, म.प्र.)
गैर-जमानती धारा में मामला दर्ज, जेल रवाना
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से नशे का अवैध कारोबार करने वाले गिरोहों के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Post a Comment