रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़
जांजगीर-चांपा, पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर एकराय होकर प्राणघातक हमला करने के मामले में थाना नैला पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, स्टील पाइप और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। मामले में एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को जिला चिकित्सालय जांजगीर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सिवनी खैरवार निवासी संत कुमार बरैठ (45 वर्ष) मारपीट में घायल होकर उपचार के लिए भर्ती है। मुलाहिजा रिपोर्ट में उसके सिर, दाहिने कंधे और बाएं हाथ में चोटें पाई गईं। चिकित्सक द्वारा चोटों को गंभीर प्रकृति का बताया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही थाना नैला पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्यों को गवाहों की मौजूदगी में सुरक्षित किया। इसके बाद मामले की विवेचना आगे बढ़ाते हुए संदिग्ध आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू, स्टील की पाइप एवं लकड़ी के डंडे को बरामद किया। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की घटना में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
समीर सारथी उर्फ राजू, निवासी ग्राम सिवनी
रंजीत सारथी उर्फ विक्की, निवासी ग्राम सिवनी
प्रमोद कुमार यादव, निवासी ग्राम सिवनी
संदीप सारथी, निवासी ग्राम सुकली, थाना जांजगीर
दीपक कुमार रोहिदास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, एएसआई नरेंद्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, जगदीश अजय, संतोष प्रधान, डीकेश्वर साहू एवं गोपेश्वर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment