बीट पोस्ट पुलिस मितान पोस्ट और नई चौकी की शुरुआत

 



रघु साहू जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर चांपा छत्तीसगढ़ 

कोसा में 

जांजगीर-चांपा, 

पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा गांव में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस ने नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) की पहल पर थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम कोसा में पुलिस बीट पोस्ट एवं पुलिस मितान पोस्ट का शुभारंभ किया गया।

शाम होते ही बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

ग्राम कोसा में शुरू किए गए बीट पोस्ट के माध्यम से प्रतिदिन शाम को सघन पुलिस पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस टीम गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीणों से सीधे संवाद करेगी। इससे स्थानीय स्तर पर होने वाली समस्याओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की जानकारी पुलिस तक तेजी से पहुंच सकेगी।

रिटायर्ड कर्मी और ग्रामीण बनेंगे पुलिस के सहयोगी

पुलिस मितान पोस्ट के माध्यम से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। गांव में शिक्षा, रोजगार, स्वच्छता, सुरक्षा और शांति व्यवस्था जैसे विषयों पर नियमित संवाद किया जाएगा। सामुदायिक सहभागिता के जरिए पुलिस और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को और मजबूत करने पर जोर रहेगा।

कोसा में महिला कमांडो टीम का गठन

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक की पहल पर ग्राम कोसा की सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को जोड़कर महिला कमांडो टीम का गठन भी किया गया। यह टीम महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा गांव में सकारात्मक एवं सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए पुलिस के साथ सहयोग करेगी।

नशामुक्ति को लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद

कार्यक्रम में नशामुक्ति अभियान को विशेष प्राथमिकता दी गई। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। पुलिस द्वारा नशामुक्ति को लेकर गांव में नियमित जनजागरूकता एवं संवाद गतिविधियां चलाने पर भी जोर दिया गया।

सामुदायिक पुलिसिंग को मिलेगा विस्तार

पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य केवल पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना ही नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अपराधों की रोकथाम, जनसहभागिता और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। बीट पोस्ट के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनने और उनके समाधान के लिए समन्वय बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं थाना प्रभारी मुलमुला शिवानंद सिंह सहित पुलिसकर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post