मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच केक काटकर और फल बांटकर मनाया जन्मदिन
चिरमिरी जिला अस्पताल में आधुनिक जांच सुविधा शुरू, अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर
कोरिया कॉलरी और जारौंधा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू, ग्रामीणों को घर के पास मिलेगा उपचार
पूरे विधानसभा क्षेत्र में सेवा संकल्प के साथ आयोजित हुए विविध कार्यक्रम
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़/चिरमिरी। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने जन्मदिन को सादगी और जनसेवा के संकल्प के साथ मनाया। राजनीतिक तामझाम और औपचारिक आयोजनों से दूर, मंत्री ने इस खास दिन को क्षेत्र के विकास और जन-स्वास्थ्य को समर्पित करते हुए मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने चिरमिरी जिला अस्पताल में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के तहत कोरिया कॉलरी और खड़गवां के ग्राम जारौंधा में नवनिर्मित दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) का भी विधिवत शुभारंभ किया।
मरीजों के बीच मनाया जन्मदिन, जाना कुशलक्षेम
जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री चिरमिरी जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनका हाल-चाल जाना और उन्हें फल एवं आवश्यक सामग्री वितरित की। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन किया। मंत्री जायसवाल ने कहा, "जन्मदिन को किसी उत्सव के रूप में मनाने के बजाय जरूरतमंदों और मरीजों के बीच सेवा भाव से मनाना मुझे वास्तविक संतोष देता है।"
सीटी स्कैन सुविधा से बचेगा समय और पैसा
चिरमिरी जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन शुरू होने से एमसीबी जिले सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के गंभीर मरीजों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। अब तक आपातकालीन स्थिति या गंभीर बीमारियों की जांच के लिए मरीजों को निजी लैबों या बिलासपुर, रायपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से न केवल समय पर सटीक इलाज संभव हो सकेगा, बल्कि गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों का भारी आर्थिक खर्च भी बचेगा।
बंद SECL अस्पताल की भरपाई, ग्रामीणों को बड़ी राहत
लंबे समय से स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी झेल रहे कोयलांचल क्षेत्रवासियों को भी जन्मदिन पर बड़ी राहत मिली। चिरमिरी के कोरिया कॉलरी में एसईसीएल अस्पताल बंद होने के बाद लोग प्राथमिक इलाज के लिए भी परेशान थे। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने कोरिया कॉलरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की शुरुआत की। वहीं खड़गवां ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम जारौंधा में भी नया स्वास्थ्य केंद्र खोला गया। इन दोनों केंद्रों के चालू होने से अब बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सामान्य बीमारियों के उपचार और जरूरी दवाओं के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा।
गांव-बस्ती तक उत्तम इलाज पहुंचाना प्राथमिकता: स्वास्थ्य मंत्री
लोकार्पण समारोहों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी कोयलांचल ने दशकों तक देश को ऊर्जा देने का काम किया है, इसलिए यहां के नागरिकों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार का स्पष्ट विजन है कि बेहतर चिकित्सा सुविधाएं केवल संभागीय मुख्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि अंतिम छोर के गांव और मजरे-टोले तक पहुंचे। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य ढांचे को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है।"
पूरे विधानसभा में रही सेवा कार्यक्रमों की धूम
स्वास्थ्य मंत्री के जन्मदिन के अवसर पर पूरे मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में दिनभर विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों द्वारा अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, मंदिरों में पूजा-अर्चना और स्वच्छता अभियान चलाए गए। स्वास्थ्य सुविधाओं की इस दोहरी सौगात से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है और स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए मंत्री का आभार जताया है।


Post a Comment