चिरमिरी जिला अस्पताल में सजे शिविर में खाकी ने दिखाई तत्परता, अधिकारियों से लेकर जवानों ने बढ़ाया हाथ
‘रक्तदान जीवनदान’ का दिया पैगाम; कानून व्यवस्था के साथ सामाजिक सरोकारों में भी अव्वल रही जिला पुलिस
आपात स्थिति और दुर्घटना के शिकार मरीजों को तत्काल रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में मजबूत पहल
स्वास्थ्य विभाग और पुलिस बल के साझा समन्वय से सफल हुआ जीवन रक्षा महाअभियान
चिरमिरी/एमसीबी। सुरक्षा और कानून व्यवस्था की अग्रिम मोर्चे पर मुस्तैद रहने वाली
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिला पुलिस ने एक बार फिर अपने मानवीय सरोकारों से मिसाल पेश की है। चिरमिरी स्थित जिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के विशेष रक्तदान शिविर में खाकी वर्दीधारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर मैदानी जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की रक्षा का संकल्प दोहराया।
अस्पताल में दिखा गजब का उत्साह, अधिकारियों-जवानों ने किया रक्तदान
शिविर की शुरुआत से ही पुलिस बल के जवानों और अधिकारियों में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कतारबद्ध होकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद जवानों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के संकटमोचक के रूप में हर मोर्चे पर खड़े रहना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रक्तदान से एकत्रित यह रक्त गंभीर बीमारियों, प्रसवकालीन जटिलताओं और सड़क हादसों में घायल होने वाले असहाय मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगा।
रक्तदान से बड़ा कोई सामाजिक दायित्व नहीं: पुलिस अधिकारी
रक्तदान शिविर के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से भी इस पुनीत कार्य में आगे आने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी का उजड़ता परिवार बचा सकता है। यह एक ऐसा दान है जिसका कोई दूसरा विकल्प नहीं है, इसलिए हर सक्षम नागरिक को नियमित अंतराल पर रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
जनहित और सेवा कार्यों में सदैव अग्रणी रहेगी एमसीबी पुलिस
जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पुलिस बल आगे भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजनों में सक्रिय सहभागिता निभाता रहेगा। जनहित, स्वास्थ्य संवर्धन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में पुलिस सदैव जनता के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। शिविर के सफल आयोजन पर अस्पताल प्रबंधन व स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने पुलिस विभाग की इस संवेदनशीलता और तत्परता की मुक्तकंठ से सराहना की।

Post a Comment