अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी की मुस्तैदी से समय पर लगे गीजर और शिफ्ट हुआ इमरजेंसी वार्ड; सर्दियों में मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत, सेवा और समर्पण की दिखी मिसाल
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)।
सरकारी अस्पतालों को केवल इलाज का केंद्र न बनाकर उन्हें मानवीय संवेदना और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने का प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का संकल्प अब मनेंद्रगढ़ में पूरी तरह साकार होता दिख रहा है। मंत्री श्री जायसवाल के मार्गदर्शन और 220 बिस्तर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी की कार्यकुशलता से अस्पताल की व्यवस्थाओं में एक और बड़ा सुधार हुआ है। कड़ाके की ठंड शुरू होने से ठीक पहले अस्पताल में गीजर स्थापित कर दिए गए हैं, जिससे भर्ती मरीजों को अब चौबीसों घंटे गर्म पानी की सहज सुविधा मिल सकेगी।
निरीक्षण से क्रियान्वयन तक: मंत्री के निर्देशों पर तत्काल अमल
गौरतलब है कि विगत दिनों स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की बारीकी से समीक्षा की थी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की बुनियादी जरूरतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी वार्ड) को अधिक सुगम स्थान पर स्थानांतरित करने तथा शीतलहर से पूर्व मरीजों के लिए गर्म पानी का प्रबंध करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के नेतृत्व में बदली कार्यसंस्कृति
स्वास्थ्य मंत्री के आदेशों को मिशन मोड में लेते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बिना किसी विलंब के दोनों महत्वपूर्ण कार्यों को धरातल पर उतार दिया। उनके कुशल पर्यवेक्षण में जहां नवीन आपातकालीन कक्ष पूरी तरह क्रियाशील हो चुका है, वहीं गीजर लगने से ठंड के मौसम में मरीजों और उनके परिजनों की एक बड़ी चिंता दूर हो गई है। अधीक्षक की इस तत्परता और व्यवस्था में आए सकारात्मक बदलाव की स्थानीय स्तर पर खूब प्रशंसा हो रही है।
हर मरीज को घर जैसा सुरक्षित माहौल देना हमारा लक्ष्य: डॉ. तिवारी
इस जनहितैषी पहल पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने कहा कि माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जी की मंशा के अनुरूप हम अस्पताल की व्यवस्थाओं को निरंतर अपग्रेड कर रहे हैं। सर्दियों में बुजुर्गों, माताओं और कमजोर मरीजों के लिए गर्म पानी किसी औषधि से कम नहीं होता। मंत्री जी के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए इमरजेंसी वार्ड शिफ्टिंग और गीजर स्थापना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। हमारी कोशिश है कि अस्पताल में आने वाले हर व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा के साथ-साथ अपनत्व और सुविधाजनक वातावरण मिले।
क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का नया स्वर्णिम दौर
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निरंतर प्रयासों से एमसीबी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था एक नए मुकाम पर पहुंच रही है। मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर अस्पताल में हो रहे ये त्वरित बदलाव साबित करते हैं कि शीर्ष नेतृत्व की स्पष्ट सोच और अधीक्षक जैसे समर्पित अधिकारियों की सक्रियता से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर पूरी तरह बदली जा सकती है।


Post a Comment