थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुलझाई दो बड़ी चोरियों की गुत्थी; 4 बड़े मोटर पंप और नकदी जब्त कर सभी आरोपियों को भेजा जेल
जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)।
शहर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कारखानों को निशाना बनाने वाले चोरों के खिलाफ सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के कुशल नेतृत्व और सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने इस मामले में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 4 बड़े मोटर पंप और नकदी सहित कुल 65 हजार रुपये का माल मशरुका बरामद किया है।
दो प्रमुख व्यापारिक चोरियों का हुआ खुलासा
पहला मामला 24 अक्टूबर 2026 का है, जब पेंड्रा दफाई निवासी व्यवसायी हसन (40 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी स्टेशनरी दुकान की छत की शीट निकालकर भीतर रखे 40 हजार रुपये नकद पार कर दिए हैं। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 262/2026 के तहत मामला दर्ज किया था। वहीं, दूसरी वारदात 12 नवंबर 2026 को सामने आई, जब स्टेट बैंक के पीछे स्थित ग्लास बनाने की अंडरग्राउंड फैक्ट्री के संचालक मोती उर्र रहमान (46 वर्ष) ने अपनी फैक्ट्री से 4 बड़े मोटर पंप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 290/2026 पंजीबद्ध कर जांच तेज की।
थाना प्रभारी विवेक पाटले की घेराबंदी में फंसे शातिर चोर
दोनों गंभीर मामलों की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले आमाखेरवा (वार्ड 22) निवासी अंकित (18 वर्ष 6 माह) और पेंड्रा दफाई (वार्ड 09) निवासी शेखर राज (18 वर्ष) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। दोनों ने स्टेशनरी दुकान से 40 हजार रुपये चोरी करना और 20-20 हजार रुपये आपस में बांटकर खाने-पीने में खर्च करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से बचे हुए 5 हजार रुपये नकद जब्त किए।
फैक्ट्री से चोरी हुए चारों मोटर पंप बरामद
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने टीना दफाई चिरमिरी निवासी अंकित उर्फ अनुपम खरे, अहीर घोड़ा मोहल्ला मनेंद्रगढ़ निवासी देव उर्फ देव यादव और पेंड्रा दफाई निवासी शेखर राज को पकड़ा। पूछताछ में तीनों ने ग्लास फैक्ट्री से रात के अंधेरे में चारों बड़े मोटर पंप चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चारों मोटर पंप सुरक्षित बरामद कर लिए।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
सिटी कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों को 16 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस टीम की रही सराहनीय भूमिका
चोरी के इन दोनों मामलों का त्वरित खुलासा करने में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले की मुख्य भूमिका रही। उनके साथ पीएसआई विकास देवांगन, पीएसआई भरत यादव, प्रधान आरक्षक नवीन, राजकुमार सेन, सुनील रजक, आरक्षक अमित गुप्ता, प्रमोद यादव, टोप्पो तथा महिला आरक्षक शांति का विशेष योगदान रहा। एमसीबी पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें।

Post a Comment