जनजातीय गौरव दिवस समारोह में अव्यवस्था व अपमान का आरोप, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सरकार को घेरा

 


जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 

केल्हारी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर)। केल्हारी में आयोजित 'जनजातीय गौरव दिवस' के मंच पर जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह की नाराजगी सामने आने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मुखर रुख अपनाते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है। कमरो ने इसे निर्वाचित आदिवासी जनप्रतिनिधियों के स्वाभिमान पर सीधा आघात बताते हुए कड़ी निंदा की है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि एक ओर सरकार आदिवासी महापुरुषों के नाम पर भव्य आयोजन करने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर इन्हीं सरकारी मंचों पर जनता द्वारा चुने गए आदिवासी महिला जनप्रतिनिधियों की घोर उपेक्षा और बेइज्जती की जा रही है।

जनता के मत का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा: कमरो

पूर्व विधायक कमरो ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह क्षेत्र की जनता के विश्वास और वोटों से चुनकर आई हैं। केल्हारी के कार्यक्रम में जिस तरह से एक आदिवासी महिला जनप्रतिनिधि का आक्रोश फूटा है, उससे सत्तापक्ष और प्रशासन की आदिवासी विरोधी मानसिकता उजागर हो गई है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुने हुए जनप्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कमरो के अनुसार, यदि आदिवासी समाज के अधिकारों की अनदेखी और जनप्रतिनिधियों को अपमानित करने का सिलसिला बंद नहीं हुआ, तो इसके खिलाफ पुरजोर आवाज उठाई जाएगी।

उल्लेखनीय है कि केल्हारी में हुए जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रोटोकॉल और सम्मान को लेकर जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। पूर्व विधायक के इस बयान के बाद स्थानीय स्तर पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है, हालांकि आयोजकों या प्रशासन की ओर से इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post