हसदेव नदी में अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 01 जेसीबी और 05 ट्रैक्टर जप्त

कलेक्टर की सख्ती से कांपे रेत माफिया


जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 

एमसीबी/मनेंद्रगढ़/ जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कलेक्टर के सख्त तेवर अब साफ दिखाई देने लगे हैं। प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और राजस्व हानि रोकने को लेकर कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश के बाद खनिज विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में हसदेव नदी चैनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसगढ़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की टीम ने अवैध रेत उत्खनन में लगी 01 जेसीबी मशीन एवं 05 ट्रैक्टर वाहनों को मौके से जप्त किया।

कलेक्टर द्वारा अवैध खनन मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित खबरों के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए यह बड़ी कार्रवाई की। अचानक हुई दबिश से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जिले में पदभार संभालने के बाद से ही कलेक्टर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने, राजस्व की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके निर्देश पर अब खनिज विभाग भी मैदान में उतरकर कार्रवाई करता नजर आ रहा है। आम लोगों में भी इस कार्रवाई के बाद यह संदेश गया है कि अब जिले में अवैध उत्खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

कार्रवाई के दौरान जप्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षार्थ कलेक्टर कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि कलेक्टर के नेतृत्व में आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाकर रेत माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post