जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शुभारंभ, अब मरीजों को बड़े शहरों के चक्कर से मिलेगी राहत
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को रविवार को एक बड़ी सौगात मिली, जब 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ में अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फीता काटकर इस आधुनिक जांच केंद्र का लोकार्पण किया। इस सुविधा के शुरू होने से अब जिले के मरीजों को कई महत्वपूर्ण जांचों के लिए रायपुर, बिलासपुर अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित इस लैब में अब 136 प्रकार की जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होंगी। इससे पहले जिला अस्पताल में सीमित संख्या में ही जांच सुविधाएं उपलब्ध थीं। नई लैब के माध्यम से मरीजों को समय पर सटीक जांच और बेहतर उपचार का लाभ मिलेगा।
उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने लैब का निरीक्षण कर वहां स्थापित आधुनिक मशीनों और सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और अटल आरोग्य लैब इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और शासकीय अस्पतालों से भी नमूने एकत्रित कर यहां जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट सीधे मरीजों और चिकित्सकों के मोबाइल फोन तक पहुंचाई जाएगी, जिससे उपचार प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बन सकेगी।
डॉ. खरे ने बताया कि हाल के वर्षों में जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार विस्तार हुआ है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक संसाधनों के कारण अब जटिल सर्जरियां भी स्थानीय स्तर पर सफलतापूर्वक की जा रही हैं, जिससे मरीजों का विश्वास सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़ा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि किसी भी बीमारी के सफल उपचार का आधार उसकी सही और समय पर पहचान है। आधुनिक जांच सुविधाओं के अभाव में मरीजों को अक्सर बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब यह स्थिति तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम नागरिकों को अपने जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा, “हम नहीं चाहते थे कि जनता इस सुविधा के लिए और इंतजार करे। जितनी जल्दी यह लैब शुरू होती, उतनी जल्दी लोगों को इसका लाभ मिलता। इसलिए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसका शुभारंभ किया गया है।”
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा था। अटल आरोग्य लैब उसी संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि मनेन्द्रगढ़ में शुरू हुई यह प्रदेश की चौथी अटल आरोग्य लैब है तथा जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में ऐसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जांच सेवाओं को आभा (ABHA) हेल्थ आईडी से जोड़ा जाए, ताकि मरीजों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहे और भविष्य में कहीं भी उपचार के दौरान चिकित्सकों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने आयुष्मान भारत योजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि चिरमिरी जिला अस्पताल में शीघ्र ही डायलिसिस सेंटर और सीटी स्कैन जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी।
कार्यक्रम में पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल केसरवानी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, नगर पंचायत झगराखांड अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ एमसीबी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आधुनिक तकनीक, निःशुल्क जांच सुविधा और डिजिटल रिपोर्टिंग व्यवस्था से हजारों मरीजों को सीधे लाभ मिलेगा तथा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती प्राप्त होगी।

