16 वर्षों की खेल परंपरा को मिला नया गौरव, खेल प्रतिभाओं के लिए बना बड़ा मंच

 जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



आशीष सिंह के नेतृत्व में मनेन्द्रगढ़ कप बना क्षेत्र की पहचान, वार्ड 17 ने जीता चैम्पियन का खिताब

मनेन्द्रगढ़। खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू हुआ मनेन्द्रगढ़ कप आज क्षेत्र की पहचान बन चुका है। लगातार 16 वर्षों से आयोजित हो रही इस प्रतिष्ठित क्रिकेट प्रतियोगिता ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया है, बल्कि खेल संस्कृति को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को मिनी स्टेडियम में आयोजित मनेन्द्रगढ़ कप-2026 का भव्य समापन हुआ, जहां हजारों खेल प्रेमियों की मौजूदगी में भगत सिंह वार्ड क्रमांक 17 ने फाइनल मुकाबले में वार्ड क्रमांक 22 को 55 रनों से हराकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वार्ड क्रमांक 17 ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए। टीम के स्टार खिलाड़ी संजय ने मात्र 31 गेंदों में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वार्ड क्रमांक 22 की टीम श्रेयस के 30 और सुमित के 20 रनों के बावजूद 80 रन पर सिमट गई। वार्ड 17 की ओर से अभिषेक ने 3 विकेट, संजय और सागर ने 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले संजय को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए अभिषेक बढेरा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा विक्की को बेस्ट बॉलर, श्रेयस सिन्हा को बेस्ट बैट्समैन तथा गगन को बेस्ट फील्डर के सम्मान से नवाजा गया।

समापन समारोह प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि मनेन्द्रगढ़ कप अब केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने वाला एक सशक्त मंच बन गया है। उन्होंने मिनी स्टेडियम में अतिरिक्त दर्शक दीर्घा निर्माण एवं फ्लडलाइट विस्तार की घोषणा कर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बड़ी सौगात दी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

आयोजन की सफलता के सूत्रधार बने आशीष सिंह

मनेन्द्रगढ़ कप को क्षेत्र की पहचान दिलाने में प्रेसीडेंट क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष सिंह की भूमिका को खेल प्रेमियों और अतिथियों ने विशेष रूप से सराहा। उनके नेतृत्व और सतत प्रयासों के कारण यह प्रतियोगिता आज जिले की सबसे प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है। पिछले 16 वर्षों से वे लगातार युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल प्रतिभाओं को मंच देने और प्रतियोगिता को भव्य स्वरूप प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट आयोजन के लिए आशीष सिंह को ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मनेन्द्रगढ़ कप केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, अनुशासन, भाईचारे और युवा शक्ति का उत्सव है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित होगी तथा यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर मनेन्द्रगढ़ का नाम रोशन करेंगी।

बारह दिनों तक चले इस क्रिकेट महोत्सव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मनेन्द्रगढ़ में खेल के प्रति जुनून और खिलाड़ियों के प्रति सम्मान लगातार बढ़ रहा है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रेसीडेंट क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों, प्रायोजकों और खेल प्रेमियों का योगदान सराहनीय रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post