शेयर बाजार व जमीन के नाम पर पैसा डबल करने का झांसा , 18 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 रघु साहू जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर चांपा 


जांजगीर-चांपा,  जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में “पैसा डबल” करने का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने जमीन खरीद-बिक्री में साझेदारी और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर प्रार्थी से रकम ऐंठी थी।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष), निवासी कटौद थाना नवागढ़ एवं वर्तमान निवासी पामगढ़, इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है। उसने ग्राम चेउडीह तहसील पामगढ़ निवासी कार्तिकेश्वर रात्रे की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का झांसा दिया।

प्रार्थी आरोपी के बहकावे में आ गया और फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन एवं नकद माध्यम से कुल 18 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। रकम की व्यवस्था करने के लिए प्रार्थी ने अपना खेत गिरवी रखा तथा परिचितों से भी पैसे उधार लिए।

आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने का बहाना बनाता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी न तो निवेश का कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस की गई। इसके बाद प्रार्थी ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी ने एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बेदराम पटेल, विनोद मनहर एवं थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसा दोगुना करने, फर्जी निवेश योजनाओं और शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देने वालों से सतर्क रहें। किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post