रघु साहू जिला ब्यूरों चीफ जांजगीर चांपा
जांजगीर-चांपा, अकलतरा थाना पुलिस ने डाकघर में हुए लाखों रुपये के गबन मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अकलतरा पोस्ट ऑफिस में पदस्थ सहायक डाकपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खाताधारकों के खातों से फर्जीवाड़ा कर कुल 19 लाख 21 हजार रुपये का गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अकलतरा डाकघर में गबन की शिकायत मिलने के बाद संयुक्त जांच टीम गठित की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी तरीके से खाताधारकों के खातों से रकम निकालकर धोखाधड़ी की। चार अलग-अलग खाताधारकों के खातों से कुल 19.21 लाख रुपये निकालने की पुष्टि हुई।
मामले में आरोपी की पहचान संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष) निवासी बलौदा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
शेयर मार्केट और जुए की लत बनी वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पर लगभग 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज था। वर्ष 2021 से वह शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा था और लगातार नुकसान होने के कारण उसने विभिन्न बैंकों से करीब 12 लाख रुपये तथा पोस्ट ऑफिस विभाग से भी लगभग 12 लाख रुपये का ऋण लिया था।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी शेयर मार्केट में नुकसान की भरपाई और कर्ज की किस्त चुकाने के लिए पोस्ट ऑफिस के ग्राहकों के फर्जी खाते खोलकर उनके खातों से रकम निकालता था। उसने गबन की राशि का उपयोग शेयर मार्केट में निवेश और जुआ खेलने में किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही ग्रो ऐप और एंजल वन डिमैट अकाउंट के स्टेटमेंट भी बरामद किए गए हैं, जिनमें करीब 40 लाख रुपये शेयर बाजार में गंवाने की जानकारी मिली है। बैंक से लिए गए ऋण संबंधी दस्तावेज भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक स्वाती गिरोलकर तथा आरक्षक राजा रात्रे का विशेष योगदान रहा।

