साहित्य के आकाश में चमके सतीश उपाध्याय, “शब्द शिल्पी अवार्ड-2026” से हुए सम्मानितकालजयी रचनात्मक प्रस्तुति पर मिला साहित्यिक मैडल, नगर में खुशी की लहर


जिला के ब्यूरो बबलू जायसवाल 

मनेन्द्रगढ़। नगर के वरिष्ठ साहित्यकार सतीश उपाध्याय को साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए “शब्द शिल्पी अवार्ड-2026” से सम्मानित किया गया है। साहित्य संगम बुक्स प्रकाशन मंडल के नवीनतम साझा काव्य संकलन में उनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान एवं कालजयी रचनात्मक प्रस्तुति को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें साहित्य संगम बुक्स का साहित्यिक मैडल भी भेंट कर सम्मानित किया गया।
साहित्य संगम बुक्स प्रकाशन मंडल के संपादकीय विभाग ने सतीश उपाध्याय के अप्रतिम साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका लेखन साहित्य जगत के लिए एक प्रेरणादायक मील का पत्थर है। प्रकाशन मंडल ने उनकी साहित्यिक साधना, रचनात्मकता एवं समर्पण की प्रशंसा करते हुए साहित्य के प्रति उनके योगदान को अमूल्य बताया।
66 वर्षीय वरिष्ठ साहित्यकार सतीश उपाध्याय अपनी सहज एवं प्रभावशाली भाषा शैली, शब्दों के अनूठे विन्यास और संवेदनशील लेखन के लिए देशभर के विभिन्न साहित्यिक मंचों पर विशेष पहचान रखते हैं। उनकी रचनाओं में सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाएं और साहित्यिक गहराई का अद्भुत समावेश देखने को मिलता है।
देश के अनेक प्रतिष्ठित साहित्यिक मंचों एवं संस्थाओं द्वारा सतीश उपाध्याय को पूर्व में भी कई सम्मान एवं पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। “शब्द शिल्पी अवार्ड-2026” मिलने पर नगर के साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों एवं साहित्य प्रेमियों में हर्ष का वातावरण है।

Post a Comment

Previous Post Next Post