संगठन की मजबूती का महामंथन: भाजपा एमसीबी का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुरू“अनुशासन, विचार और संगठन ही भाजपा की असली ताकत” — अजय जामवाल



जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 
   
मनेन्द्रगढ़_ भारतीय जनता पार्टी एमसीबी द्वारा आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को लाई स्थित द गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में भव्य शुभारंभ हुआ। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से प्रशिक्षित करने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में जिलेभर से आए लगभग 200 कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उद्घाटन अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ अजय जामवाल, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल, प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी अवधेश जैन, रामलखन सिंह पैकरा, प्रशिक्षण व्यवस्था प्रमुख भीमसेन अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले, शिविर नियंत्रक लखन लाल श्रीवास्तव, डोमरू बेहरा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से शिविर के प्रत्येक सत्र में गंभीरता एवं अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।
वहीं क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि भाजपा में प्रशिक्षण की परंपरा कार्यकर्ता निर्माण की आत्मा है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक ताकत होता है। समाज के बीच संवाद, सेवा, विचारधारा का प्रसार और तकनीकी माध्यमों का प्रभावी उपयोग आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
उन्होंने सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज जनसंपर्क का सबसे प्रभावी माध्यम बन गया है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया प्रबंधन, सकारात्मक संवाद और तथ्यपूर्ण प्रस्तुति की कला सीखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीति नहीं करता, बल्कि राष्ट्रहित और समाजसेवा की भावना के साथ कार्य करता है।
अजय जामवाल ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि निरंतर सीखना और स्वयं को समय के अनुरूप विकसित करना ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने अनुशासन को संगठन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि जिस संगठन के कार्यकर्ता अनुशासित होते हैं, वह संगठन हर चुनौती का सामना करने में सक्षम रहता है।
दो दिवसीय इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर में भाजपा की विचारधारा, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क, संगठन विस्तार, सोशल मीडिया प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता विकास तथा संगठनात्मक दायित्वों जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। विशेषज्ञ वक्ता कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली और जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने के गुर सिखाएंगे।
शिविर में अनिल केशरवानी, राहुल सिंह, द्वारिका जायसवाल, आशीष मजूमदार, आनंद ताम्रकार, राम नरेश राय, राम चरित द्विवेदी, सुशील सिंह, श्रीपत राय, मुकेश जायसवाल, भगवान दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे आयोजन में कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।

Post a Comment

Previous Post Next Post