अब बड़े शहर जाने की जरूरत नहीं: मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर अस्पताल में एक दिन में 8 सफल ऑपरेशन

 जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल 



विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक सुविधाओं से जिला अस्पताल बना क्षेत्रवासियों की नई उम्मीद


मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के 220 बिस्तर अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नया विश्वास कायम किया है। कभी सीमित संसाधनों और कम ऑपरेशन क्षमता के लिए पहचाने जाने वाला यह अस्पताल अब आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की बदौलत तेजी से उभर रहा है। हाल ही में अस्पताल में एक ही दिन में 8 सफल सर्जरी कर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

अस्पताल में बढ़ती चिकित्सा सुविधाओं और बेहतर प्रबंधन का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। पहले जहां गंभीर मरीजों को इलाज के लिए अंबिकापुर, बिलासपुर या रायपुर रेफर करना पड़ता था, वहीं अब कई जटिल ऑपरेशन मनेंद्रगढ़ में ही सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक और मानसिक राहत मिल रही है।

बताया जा रहा है कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के निर्देशन और अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के कुशल प्रबंधन में ऑपरेशन थिएटर व्यवस्था को बेहतर बनाया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और आधुनिक उपकरणों के कारण अब सर्जरी की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

अस्पताल में जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक और ईएनटी विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन किए गए। इनमें गंभीर चोट, हाइड्रोसील, सिस्ट, एब्सेस, फ्रैक्चर और अन्य जटिल मामलों का सफल उपचार शामिल रहा। सभी ऑपरेशन विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित ओटी स्टाफ की निगरानी में संपन्न हुए।

इस उपलब्धि में ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश जायसवाल, जनरल सर्जन डॉ. राजीव गुप्ता, ईएनटी सर्जन डॉ. अलेख सिदार, एनेस्थेटिस्ट डॉ. एल.पी. मराबी एवं डॉ. फिरोज शेख सहित पूरी ओटी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहे इस बदलाव से मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों में भी भरोसा बढ़ा है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि आने वाले समय में और अधिक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर इलाज व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post