जिला ब्यूरो चीफ बबलू जायसवाल
मनेन्द्रगढ़। बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच मनेन्द्रगढ़ में स्वास्थ्य के प्रति लोगों की जागरूकता लगातार बढ़ रही है। इसका उदाहरण शहर के सुरभि पार्क में हर रविवार आयोजित होने वाली एरोबिक जुम्बा फिटनेस क्लास में देखने को मिल रहा है, जहां सुबह होते ही लोग संगीत की धुनों पर डांस और योग के जरिए खुद को फिट रखने में जुट जाते हैं।
पिछले करीब पांच महीनों से चल रही इस नि:शुल्क फिटनेस क्लास का संचालन चैनपुर बटालियन के एआईजी संजय शर्मा द्वारा किया जा रहा है। उनकी इस पहल को शहरवासियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। हर रविवार सुबह आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में युवा, महिलाएं, बुजुर्गों के साथ छोटे बच्चे भी उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं।
क्लास के दौरान अलग-अलग राज्यों और भाषाओं के गीतों पर एरोबिक और जुम्बा एक्सरसाइज कराई जाती है, जिससे लोगों को फिटनेस के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलता है। नियमित रूप से शामिल होने वाले लोगों का कहना है कि इससे शरीर चुस्त-दुरुस्त रहता है और मानसिक तनाव भी कम होता है।
एआईजी संजय शर्मा ने बताया कि जुम्बा एक हाई एनर्जी फिटनेस वर्कआउट है, जो शरीर में लचीलापन बढ़ाने, कैलोरी बर्न करने और वजन नियंत्रित रखने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि फिटनेस को रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाना जरूरी है और इसी उद्देश्य से यह नि:शुल्क क्लास शुरू की गई है।
सुरभि पार्क में हर रविवार उमड़ रही भीड़ अब मनेन्द्रगढ़ में एक सकारात्मक और स्वस्थ माहौल की नई पहचान बनती जा रही है।

